चंडीगढ़-मनाली मार्ग पर औहर के पास रूकमणी कुंड से संचालित प्याऊ बनेगा मिसाल

चंडीगढ़-मनाली मार्ग पर औहर के पास रूकमणी कुंड से संचालित प्याऊ बनेगा मिसाल

 अक्स न्यूज लाइन  बिलासपुर 30 सितम्बर :
 चंडीगढ़-मनाली फोरलेन से गुजरने वाले लाखों पर्यटक और राहगीरों के लिए औहर के पास स्थापित नया प्याऊ श्रद्धा, शुद्धता और आधुनिक तकनीक का संगम बनकर सामने आया है। हिमाचल प्रदेश सरकार में नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी की पहल पर जल शक्ति विभाग घुमारवीं उपमंडल ने इस प्याऊ की स्थापना की है। यहां यात्रियों और स्थानीय लोगों को जो पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है, वह बिलासपुर जिले के पौराणिक और पवित्र रूकमणी कुंड से लाया जाता है और आधुनिक तकनीक से यूवी ट्रीटमेंट द्वारा शुद्ध किया जाता है। खास बात यह है कि पेयजल की गुणवत्ता की जानकारी स्थल पर लगे स्क्रीन पर रीयल टाइम में प्रदर्शित होती है, जिससे हर कोई इसकी शुद्धता को देख सकेगा।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि औहर का यह प्याऊ केवल प्यास बुझाने का साधन नहीं होगा, बल्कि धार्मिक आस्था का प्रतीक भी बनेगा। इस पहल से आने वाली पीढ़ियां हमारी संस्कृति और धरोहर से जुड़ेंगी और जल संरक्षण का महत्व भी समझेंगी। प्याऊ स्थल पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है, जिस पर जल शक्ति विभाग सहित प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि मानव जीवन में जल का महत्व किसी से छिपा नहीं है। यह शरीर का लगभग साठ प्रतिशत हिस्सा है और पाचन, पोषण, तापमान नियंत्रण तथा विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए आवश्यक है। इसीलिए जल को जीवन का आधार कहा गया है और हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह जल का संरक्षण करंे और इसे व्यर्थ न बहाए। औहर के इस प्याऊ के माध्यम से पर्यटक और राहगीर न केवल अपनी प्यास बुझाएंगे, बल्कि उन्हें जल संरक्षण, सांस्कृतिक धरोहर और आस्था का भी गहरा संदेश मिलेगा।

उधर जल शक्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस प्याऊ का उद्घाटन शीघ्र ही किया जाएगा और इसके बाद इसे स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को समर्पित कर दिया जाएगा। यह पहल बिलासपुर की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देने के साथ-साथ यात्रियों और श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है जिला का प्रसिद्ध रुकमणी कुंड
बिलासपुर जिला का रूकमणी कुंड प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। यहां का जल अपने औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है तथा कहा जाता है कि यह त्वचा संबंधी रोगों में भी लाभकारी है।

लोक कथाओं के अनुसार बहुत समय पहले जब इस क्षेत्र में भीषण अकाल पड़ा था, तब रूकमणी नामक एक महिला ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। कहा जाता है कि उनकी आस्था और बलिदान के फलस्वरूप इस स्थान से जलधारा फूट पड़ी जिसने पूरे क्षेत्र की प्यास बुझाई। तभी से इस स्थान को रूकमणी कुंड कहा जाने लगा और आज भी यह श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है।