अक्स न्यूज लाइन केलांग 27 मई :
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 5 जून 2026 को केलांग में आयोजित होने वाले खेल प्रतियोगिताओं, जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की व्यापक तैयारियों को लेकर आज यहां एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त किरण भड़ाना ने की।
बैठक में कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं लक्ष्यपूर्ण बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न समितियों के गठन, आयोजन स्थलों, व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी सहित अन्य आउटडोर खेल प्रतियोगिताएं पुलिस ग्राउंड, केलांग में आयोजित की जाएंगी, जबकि बैडमिंटन, टेबलटेनिस, शतरंज एवं क्रोशे जैसी इंडोर प्रतियोगिताएं ओल्ड सर्किट हाउस, केलांग में कराई जाएंगी।
पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वन संरक्षण तथा नशा निवारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चित्रकला और नारालेखन लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्थानीय विद्यार्थियों, युवाओं एवं स्कूली बच्चों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनजागरूकता एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित सूचनात्मक स्टॉल लगाए जाएंगे।
बैठक में बच्चों एवं युवाओं के लिए चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवाओं, आईटी तथा अन्य पेशेवर क्षेत्रों में करियर मार्गदर्शन कार्यशालाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि उन्हें भविष्य के उज्ज्वल अवसरों के प्रति जागरूक किया जा सके।
अग्निशमन विभाग, होमगार्ड तथा एसडीआरएफ द्वारा प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूस्खलन, भूकंप आदि तथा अन्य आपात स्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों को लेकर मॉक ड्रिल एवं लाइव प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी मिल सके।
शिक्षा विभाग को सभी खेल प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं कार्यशालाओं में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त किरण भ़ड़ाना ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त समाज तथा आपदा प्रबंधन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता फैलाई जाएगी, बल्कि युवा पीढ़ी को खेलों, सृजनात्मक गतिविधियों एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन के माध्यम से सकारात्मक दिशा में प्रेरित भी किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों से पूर्ण सहयोग की अपील की गई है।
बैठक में एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, वनमंडलाधिकारी इंद्रजीत सीरा, बीडीओ विवेक गुलेरिया, तहसीलदार विकास कुमार सहित जिला स्तर के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।