आईजीएमसी में सांसद हर्ष महाजन के भर्ती होने के दौरान लिफ्ट बंद, कांग्रेस सरकार के 'विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं' के दावे बेनकाब : राकेश जमवाल
अक्स न्यूज लाइन शिमला 27 जून :
रोबोटिक सर्जरी हिमाचल का सबसे बड़ा स्वास्थ्य घोटाला बनकर उभरी, सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है : भाजपा
शिमला। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार एक ओर विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी की वास्तविक स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के आईजीएमसी में भर्ती होने के दौरान अस्पताल की लिफ्ट बंद पड़ी थी। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है। यदि एक सांसद के अस्पताल पहुंचने पर भी यह सुनिश्चित नहीं किया जा सका कि मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से कार्य कर रही हैं, तो आम मरीजों को किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता होगा, इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।
राकेश जमवाल ने कहा कि सरकार बताए कि उसकी तथाकथित विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं आखिर कहां हैं। प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के बजाय वर्तमान सरकार केवल प्रचार और दावों में व्यस्त है, जबकि धरातल पर स्थिति बिल्कुल अलग दिखाई देती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रोबोटिक सर्जरी परियोजना आज हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य घोटालों में से एक बनकर उभरी है। सरकार ने इसका खूब प्रचार किया, लेकिन आज स्थिति यह है कि इन अत्याधुनिक सर्जरी को संचालित करने के लिए पर्याप्त प्रशिक्षित डॉक्टर, तकनीकी विशेषज्ञ और आवश्यक स्टाफ उपलब्ध नहीं है। केवल महंगी मशीनें खरीद लेने से स्वास्थ्य सेवाएं विश्वस्तरीय नहीं बन जातीं, बल्कि उन्हें संचालित करने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन और मजबूत व्यवस्था भी आवश्यक होती है।
राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल बड़े-बड़े दावे और प्रचार करने में विश्वास रखती है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल विपरीत है। अस्पतालों में बुनियादी सुविधाएं तक सुचारु रूप से उपलब्ध नहीं हैं और मरीजों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त कमियों को तत्काल दूर किया जाए, अस्पतालों में आवश्यक सुविधाएं हर समय सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं तथा रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जवाबदेही तय करने की भी मांग की।




