आरडीजी अस्थायी व्यवस्था थी, वित्तीय अनुशासन से ही राज्यों की स्थिरता संभव — गजेंद्र सिंह शेखावत
शिमला, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शिमला में आयोजित विस्तृत प्रेस वार्ता में बजट 2026, भारत की अर्थव्यवस्था, हालिया अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों और हिमाचल प्रदेश से जुड़े वित्तीय मुद्दों पर विस्तार से बात करते हुए कहा कि भारत आज मजबूत आर्थिक आधार पर खड़ा है और आने वाले वर्षों में टेक्सटाइल, हैंडीक्राफ्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, कंज्यूमर गुड्स और कृषि उत्पादों के लिए यूरोप व अमेरिका के बाजारों में सुनहरे अवसर खुलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हालिया व्यापार समझौतों को वैश्विक स्तर पर “मदर ऑफ ऑल डील्स” कहा गया है।
केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से आरडीजी (Revenue Deficit Grant) के मुद्दे पर स्पष्ट करते हुए कहा कि यह व्यवस्था मूल रूप से अस्थायी राहत के रूप में शुरू की गई थी, ताकि गंभीर वित्तीय घाटे से जूझ रहे राज्यों को सीमित समय के लिए सहारा मिल सके। 12वें वित्त आयोग से शुरू यह प्रावधान बार-बार चेतावनियों के साथ आगे बढ़ाया गया, लेकिन इसे स्थायी व्यवस्था कभी नहीं माना गया। 15वें वित्त आयोग के दौरान कोविड जैसी असाधारण परिस्थिति में राज्यों को फ्रंट-लोडेड और रिकॉर्ड स्तर की सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी इस अवधि में पहले की सभी अवधियों की तुलना में कहीं अधिक आरडीजी सहायता मिली।
उन्होंने कहा कि अब वित्त आयोग ने स्पष्ट किया है कि निरंतर अनुदान के बजाय राज्यों को राजस्व बढ़ाने और व्यय अनुशासन अपनाने की दिशा में बढ़ना होगा। शेखावत ने कहा कि वित्तीय घाटा (फिस्कल डेफिसिट) आय और व्यय के अंतर का विषय है और इसे केवल राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि संरचनात्मक सुधारों से ठीक किया जा सकता है। उन्होंने चिंता जताई कि हिमाचल का कर्ज-जीडीपी अनुपात 40% से ऊपर पहुंचना सावधानी का संकेत है और राज्य को दीर्घकालिक वित्तीय अनुशासन की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने वित्त आयोग के नए फॉर्मूले के तहत कर हिस्सेदारी (devolution) में संरचनात्मक वृद्धि की है, जिससे हिमाचल जैसे राज्यों को अधिक हिस्सा मिल रहा है और इससे आरडीजी घटने के प्रभाव को काफी हद तक संतुलित किया जा सकता है, बशर्ते राज्य वित्तीय प्रबंधन मजबूत करें।
हिमाचल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के लिए लगातार सहयोग दिया है। हाल ही में विशेष पूंजीगत सहायता योजना के तहत हिमाचल को पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 50 वर्ष अवधि का ब्याज-मुक्त दीर्घकालिक ऋण स्वीकृत किया गया है, जो व्यवहारिक रूप से अनुदान जैसा है। स्वदेश दर्शन, प्रसाद, चैलेंज बेस्ड डेस्टिनेशन और अन्य योजनाओं के तहत भी प्रदेश को निरंतर सहायता मिली है और आगे भी परियोजना प्रस्ताव मिलने पर सहयोग जारी रहेगा।
प्राकृतिक आपदाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ फंड में पिछले वर्षों में कई गुना वृद्धि की है और राज्यों को न केवल राहत बल्कि प्रिवेंटिव उपायों पर भी खर्च की अनुमति दी गई है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि जलवायु परिवर्तन के दौर में आपदा-पूर्व तैयारी पर अधिक निवेश किया जाए।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और कृषि पर उठ रहे सवालों पर शेखावत ने कहा कि किसानों, डेयरी, दाल, अनाज, सब्ज़ी और मसाला उत्पादकों के हित पूरी तरह सुरक्षित रखे गए हैं। गेहूं, चावल, दालें, सामान्य सब्ज़ियाँ, डेयरी उत्पाद, मसाले और अधिकांश फल श्रेणियों पर कोई बाज़ार खुलापन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि सेब के मुद्दे पर कांग्रेस अनावश्यक राजनीति कर रही है। बाहर से आने वाला सेब ₹100 से कम लैंडिंग कीमत पर भारत नहीं आ सकता — लगभग ₹80 न्यूनतम बेस प्राइस और उस पर ₹20 से ₹40 तक टैक्स जुड़ने के बाद ही आयात संभव है — इसलिए स्थानीय बागवानों के हित सुरक्षित हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बजट 2026, हालिया व्यापार समझौते, इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और मैन्युफैक्चरिंग थ्रस्ट मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएंगे और हिमाचल प्रदेश भी इससे बड़े पैमाने पर लाभान्वित होगा।
पर्यटन भारत की अर्थव्यवस्था का बड़ा ग्रोथ इंजन, हिमाचल को पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए विशेष ब्याज-मुक्त सहायता — गजेंद्र सिंह शेखावत
बजट 2026 में हेरिटेज साइट, हॉस्पिटैलिटी, टूर गाइड ट्रेनिंग और हाई वैल्यू कृषि फसलों पर विशेष फोकस
शिमला।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यटन आज भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा ड्राइवर बन चुका है और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लिए तो यह विकास का प्रमुख आधार है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की प्राकृतिक और सांस्कृतिक संपदा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रही है और केंद्र सरकार पर्यटन आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए विशेष कदम उठा रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार की स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इंफ्रास्ट्रक्चर (SASCI) योजना के तहत हिमाचल प्रदेश को पर्यटन वर्टिकल के विकास के लिए दीर्घकालिक 50 वर्ष अवधि का ब्याज-मुक्त ऋण स्वीकृत किया गया है, जो व्यवहारिक रूप से अनुदान के समान है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में पर्यटन ढांचे, सुविधाओं और कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बजट 2026 में 15 प्रमुख पुरातात्विक स्थलों को विश्वस्तरीय एक्सपीरियंस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। उन्होंने बताया कि अब केवल उत्खनन कर स्थलों को छोड़ देने के बजाय उन्हें वैज्ञानिक तरीके से विकसित कर पर्यटन अनुभव केंद्र बनाया जाएगा, जैसा सफल मॉडल गुजरात के वडनगर में विकसित किया गया है। इसी प्रकार देशभर में नए हेरिटेज एक्सपीरियंस जोन विकसित किए जाएंगे।
शेखावत ने कहा कि देश में तेजी से बढ़ते पर्यटन और होटल सेक्टर को देखते हुए प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता बढ़ रही है। इस दिशा में बजट में एक नेशनल हॉस्पिटैलिटी इंस्टीट्यूट स्थापित करने का प्रावधान किया गया है, ताकि तकनीकी रूप से दक्ष प्रोफेशनल तैयार किए जा सकें। साथ ही चयनित पर्यटन स्थलों पर 10,000 टूरिस्ट गाइड्स को आधुनिक तकनीक, एआर-वीआर और डिजिटल टूल्स के साथ प्रशिक्षित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग ट्रेल्स, बर्डिंग ट्रेल्स और विशेष ईको-टूरिज्म सर्किट के विकास का भी प्रावधान बजट में किया गया है, जिससे हिमाचल जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने के लिए हाई वैल्यू फसलों — नारियल, काजू, कोको और चंदन — पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने, वैकल्पिक आय स्रोत मजबूत करने, स्वयं सहायता समूहों, पशुपालन, मत्स्य पालन और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की आय केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर न रहे, बल्कि वैल्यू एडिशन, प्रोसेसिंग और निर्यात के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बहु-आयामी बनाया जाए। बजट 2026 पर्यटन और कृषि — दोनों क्षेत्रों को विकास के मजबूत स्तंभ के रूप में आगे बढ़ाने वाला बजट है।
मोदी सरकार ने निराशा से विश्वास और फ्रैजाइल से रोबस्ट अर्थव्यवस्था तक भारत को पहुंचाया — गजेंद्र सिंह शेखावत
बजट 2026 निरंतरता, सुधार, आत्मनिर्भरता और सर्वसमावेशी विकास का रोडमैप
शिमला।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से भारत एक स्पष्ट लक्ष्य और तय मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, नीतिगत अस्थिरता और आर्थिक निराशा के दौर से गुजर रहा था, लेकिन पिछले 11 वर्षों में निर्णायक नीतियों और संरचनात्मक सुधारों के कारण भारत आज विश्व की शीर्ष मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में चौथे स्थान पर सम्मानपूर्वक खड़ा है और तीसरे स्थान की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बजट 2026 निरंतरता का बजट है, जिसमें स्थिरता, सर्वसमावेशिता और सतत विकास पर जोर दिया गया है। यह बजट “Action over Ambivalence, Reform over Rhetoric और People over Popularity” के सिद्धांतों पर आधारित है — यानी दुविधा नहीं, निर्णायक फैसले; केवल घोषणा नहीं, वास्तविक सुधार; और लोकप्रियता नहीं, जनशक्ति सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने बजट में सात प्रमुख आधार स्तंभ तय किए हैं — मैन्युफैक्चरिंग को मजबूती, विरासत संरक्षण, MSME सशक्तिकरण, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरी विकास, सतत विकास और आर्थिक स्थिरता। उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश को बढ़ाकर लगभग ₹12.5 लाख करोड़ किया गया है, क्योंकि इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च का अर्थव्यवस्था पर कई गुना सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होता है।
शेखावत ने कहा कि भारत ने मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में बड़ी छलांग लगाई है — जो देश 2014 में मोबाइल निर्माण नहीं करता था, आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन निर्माता और निर्यातक है। बजट में बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, क्रिटिकल मिनरल्स, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और केमिकल पार्क जैसे भविष्य के क्षेत्रों को विशेष प्रोत्साहन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि MSME क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ₹100 करोड़ का ग्रोथ फंड, TReDS प्लेटफॉर्म के विस्तार और सस्ते क्रेडिट की व्यवस्था की गई है। टियर-2 और टियर-3 शहरों को सिटी इकोनॉमिक हब के रूप में विकसित करने, पर्यटन और विरासत शहरों को विशेष रूप से सशक्त करने तथा शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देने का प्रावधान भी बजट में किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, किसान कल्याण और गरीब कल्याण है। 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और तेजी से बढ़ते मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करना सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि बजट निर्माण से पहले हजारों युवाओं से सुझाव लेकर शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता आधारित रोडमैप तैयार किया गया है।
शेखावत ने कहा कि आत्मनिर्भरता और सस्टेनेबिलिटी आज राष्ट्रीय सुरक्षा के भी मूल मंत्र बन चुके हैं। बजट 2026 भारत को विकसित, सक्षम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी दस्तावेज है।





