ऊना जिले में 74.23 प्रतिशत मतदान, 2 विधानसभा उपचुनावों के लिए 76.14 फीसदी रहा मत प्रतिशत

ऊना जिले में  74.23 प्रतिशत मतदान, 2 विधानसभा उपचुनावों के लिए 76.14 फीसदी रहा मत प्रतिशत

अक़्स न्यूज लाइन,ऊना --02 जून  
ऊना जिले में लोकसभा आम निर्वाचन और 2 विधानसभा उपचुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया शनिवार 1 जून को शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि जिले में लोकसभा आम निर्वाचन-2024 में 74.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इसमें महिला मत प्रतिशत 77.36 और पुरुषों का मतदान प्रतिशत 71.17 फीसद रहा।
वहीं गगरेट और कुटलैहड़ के विधानसभा उपचुनाव में मत प्रतिशत 76.14 फीसदी रहा। इसमें महिलाओं का मतदान 79.53 फीसद और पुरुषों का मत प्रतिशत 72.81 रहा। उपचुनाव में गगरेट में 75.21 तथा कुटलैहड़ में 77.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
 

बता दें, 2019 के लोकसभा चुनाव में ऊना जिले में 75.97 फीसद मतदान दर्ज किया गया था। वहीं प्रदेश में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में गगरेट में 78.78 प्रतिशत और कुटलैहड़ में 76.82 प्रतिशत मतदान हुआ था।
ऊना जिले में कुल 4 लाख 33 हजार 129 मतदाताओं में से  3 लाख 21 हजार 501 मतदताओं ने शनिवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं गगरेट और कुटलैहड़ उपचुनाव में कुल 1 लाख 72 हजार 9 मतदाताओं में से 1 लाख 30 हजार 971 मतदताओं ने 1 जून को वोट डाला। जिले में 516 मतदान केंद्र बनाए गए थे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

*विधानसभा उपचुनावों में ये रहा मत प्रतिशत*
गगरेट में विधानसभा उपचुनाव में कुल 75.21 प्रतिशत मतदान हुआ। गगरेट विस के कुल 84316 मतदाताओं में से 63415 ने शनिवार को मतदान में भाग लिया, इनमें 32478 महिला और 30937 पुरुष मतदाता रहे।
कुटलैहड़ विधानसभा उपचुनाव में कुल 77.04 फीसद मतदान हुआ। वहां कुल 87693 मतदाताओं में से 67556 ने मतदान में भाग लिया, इनमें 35349 महिला और 32206 पुरुष और 1 तीसरे जेंडर के मतदाता रहे।

*लोकसभा के लिए कहां कितना हुआ मतदान*
लोकसभा आम निर्वाचन के लिए ऊना विधानसभा क्षेत्र में 74.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहां कुल 87650 मतदाताओं में से 65516 ने मतदान किया। इनमें 33758 महिला, 31756 पुरुष और 2 तीसरे जेंडर के मतदाता रहे। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में 72.27 प्रतिशत मतदान हुआ। वहां कुल 84212 मतदाताओं में से 60860 ने मतदान किया। इनमें 30969 महिला, 29890 पुरुष और 1 तीसरे जेंडर के मतदाता रहे। वहीं, हरोली विधानसभा क्षेत्र में 71.22 फीसद मतदान हुआ। वहां कुल 89258 मतदाताओं में से 63573 ने मतदान किया। इनमें 33157 महिला और 30416 पुरुष मतदाता रहे। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 77.43 प्रतिशत मतदान हुआ। वहां कुल 87693 मतदाताओं में से 67900 ने मतदान किया। इनमें 35366 महिला, 32533 पुरुष और 1 तीसरे जेंडर के मतदाता रहे। गगरेट विधानसभा क्षेत्र में 75.49 मतदान हुआ। वहां कुल 84316 मतदाताओं में से 63652 ने मतदान किया। इनमें 32370 महिला और 31282 पुरुष मतदाता रहे।

*मतदान केंद्रों पर जिला प्रशासन के उम्दा प्रबंधों से प्रसन्न दिखे मतदाता*
ऊना जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर किए उम्दा प्रबंधों से मतदाता खूब प्रसन्न दिखे। जिले में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए मतदान केंद्रों को विशेष सजावट की गई थी। वहीं मतदाताओं की सुविधा के लिए तमाम इंतजाम थे। मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाओं सहित गर्मी के चलते पीने को शीतल-शुद्ध जल, छायादार स्थल, शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप, व्हीलचेयर इत्यादि की सुविधा प्रदान की गई। लोगों की सहायता के लिए एनसीसी और एनएसएस के वालंटियर्स भी तैनात रहे।
--